जप प्रेरणा - व्यक्तिगत प्रार्थनाएँ अर्पित करें - Offer Personal Prayers - ११ अप्रैल २० – Hindi Translation of Japa Talk by His Grace Radheshyam Prabhu
व्यक्तिगत प्रार्थनाएँ अर्पित करें - Offer Personal Prayers
जप प्रेरणा - ११ अप्रैल २० – Hindi Translation of Japa Talk by His Grace Radheshyam Prabhu
हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे,
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे।
कृष्ण के पवित्र नामों का जप हमें उस सम्बन्ध की समझ के साथ करना होगा जैसा कि हमने कल कहा था। श्री कृष्ण परमपिता हैं, मेरे स्वामी हैं और मैं एक तुच्छ आत्मा, कृष्ण का शाश्वत सेवक हूँ। भौतिक जगत हमारी अनुपस्थित मानसिकता और कृष्ण से विमुख होकर अपनी स्वतन्त्र इच्छा को सुधारने के लिए एक सुधार गृह है।
इसलिए इन तीन बातों को ध्यान में रखते हुए, व्यक्तिगत रूप से भगवान कृष्ण को प्रार्थना करना चाहिए। शास्त्रों में कई प्रार्थनाएं हैं, जो पवित्र नाम की महिमा, या भक्ति की महिमा और सर्वोच्च भगवान् की महिमा के विषय में बताती हैं, लेकिन कुछ प्रार्थनाएं हैं, जो भगवान् को सीधा संबोधन हैं। जैसे द्वारिकावासी कृष्ण को संबोधित कर रहे हैं:
भवाय नस्त्वं भव विश्वभावन
त्वमेव माताथ सुहृत्पति: पिता ।
त्वं सद्गुरुर्न: परमं च दैवतं
यस्यानुवृत्त्या कृतिनो बभूविम ॥ श्री. भा. १.११.७ ॥
हे मेरे प्रिय भगवान, आपने हमें जीने के लिए कितना सुंदर जगत दीया है और आप लाखों जीवों को सहजता से और इतनी अच्छी तरह से रखते हैं और आप हमारी मां हैं, आप हमारे पिता हैं, आप हमारे शाश्वत आध्यात्मिक गुरु हैं और वे यस्यानुवृत्त्या कह रहे हैं, आपके अनुयायी बनने से, हमारा जीवन गौरवशाली, शुभ और योग्य बन गया है। इस तरह द्वारिकावासी सीधे कृष्ण को संबोधित कर रहे हैं। जैसे कुंती महारानी सीधे कृष्ण को संबोधित कर रही हैं:
त्वयि मेऽनन्यविषया मतिर्मधुपतेऽसकृत् ।
रतिमुद्वहतादद्धा गङ्गेवौघमुदन्वति ॥ श्री. भा. १.८.४२ ॥
मेरा मन सदैव गंगा की तरह बहता रहे जो रास्ते में किसी अन्य बाधा की परवाह न करते हुए सागर की ओर बहता रहता है। इसी प्रकार, मेरा मन आपके चरण कमलों की ओर, कृष्ण, सदैव बहता रहे और वहां शरण ले सके, ऐसे कुंती महारानी प्रार्थना कर रही हैं।
तो, मंत्रार्थचिंतनम का अर्थ है मंत्र का अर्थ वास्तव में भगवान को संबोधित करना, ऐसी उत्कट प्रार्थनाओं के साथ, जो कि महान भक्तों द्वारा पूरी सजगता के साथ बोली जाती है कि भगवान मेरे स्वामी हैं, मैं उनका सेवक हूं, और मेरा यह शाश्वत मधुर संबंध है लेकिन मैं इन उत्तरदायित्वों और इस जगत में कई तरह की परिस्थितियों से घिरा हुआ हूं, जिसने मुझे इस सम्बन्ध से दूर कर दिया।
लेकिन जब हम ऐसी प्रार्थनाएँ पढ़ते हैं, और अपने मूल सम्बन्ध में वापस लौटते हैं, तो हम भगवान् से प्रार्थना कर सकते हैं। हे भगवान, मैं इस भौतिक जगत में अकेला हूँ। मैं आपसे इतनी दूर आ गया हूं। मैं उस सनातन सम्बन्ध से दूर भटक गया हूं। अब आज मैं इस शाश्वत संबंध के विषय में सोच रहा हूं, क्योंकि इस जगत में, हमारे जीवन में बहुत सारे लोग आते हैं, इसलिए हम जो भी उत्तरदायित्व लेते हैं, हम बहुत सारे नए नए कार्यों और गतिविधियों के साथ व्यस्त हो जाते हैं। लेकिन इनमें से कोई भी वस्तु हमारे साथ नहीं चल रही है। एक-एक करके वे सब छोड़ देंगे। आप देखेंगे कि हमारे आस-पास के सभी लोग छोड़कर चले जाएंगे, और उत्तरदायित्व और काम और वस्तुएं जो भी हम करते हैं, वे सब चले जाएंगे।
मृत्यु के समय, व्यक्ति अकेला ही श्मशान जाता है। उस समय, व्यक्ति सोचेगा कि मैंने कितनी व्यर्थ वस्तुओं के साथ स्वयं को व्यस्त किया। इसलिए, व्यक्ति को इसके विषय में सोचना चाहिए। इस सम्बन्ध को समझने के लिए अपनी चेतना को ऊंचा करें। और इस भावना में पवित्र नाम का जप किया जाता है। इसलिए, भगवान चैतन्य महाप्रभु ने शिक्षाष्टकम को उसी मनोदशा में गाया। यह जीव द्वारा कृष्ण को एक प्रत्यक्ष पुकार है। तो इस प्रकार की जागरूकता और समझ के साथ, पवित्र नाम को पुकारना बहुत फलदायी और बहुत ही पवित्र होगा।
हरिनाम प्रभु की जय!
=================================================
हरे कृष्ण,
इस्कॉन पुणे से जप प्रवचन/पुस्तक अंश के रूप में दैनिक जप प्रेरणा (अंग्रेज़ी और हिंदी भाषा में अनुलेख और अनुवाद के साथ), साझा करने के लिए समूह।
समूह से जुड़ने के लिये इस लिंक को अपने मोबाइल में खोलें:
(यदि आप पहले से किसी भी "हरैर नामैव केवलम् - HNK" समूह से जुडें हैं तो कृपया इस लिंक को क्लिक न करें)
=================================================

Comments
Post a Comment